मनोरंजन

रैपर रफ्तार ने रचाई दूसरी शादी, अब एक्‍ट्रेस मनराज जवंदा के साथ किया विवाह

मशहूर रैपर, म्‍यूजिश‍ियन और डांसर रफ्तार ने दूसरी बार शादी कर ली है। दिलिन नायर उर्फ रफ्तार ने शुक्रवार 31 जनवरी 2025 को स्‍टाइलिस्‍ट और एक्‍ट्रेस मनराज जवंदा के साथ विवाह किया है। दोनों की शादी की पहली तस्‍वीरें सामने आ गई हैं, जिसमें रैपर अपनी हमदम को मंडप में मंगलसूत्र पहना रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये तस्‍वीरें वायरल हो रही हैं। रफ्तार ने अपनी पूर्व पत्‍नी कोमल वोहरा से तलाक के पांच साल बाद दूसरी बार ब्‍याह रचाया है।
रफ्तार एक मलयाली परिवार से ताल्‍लुक रखते हैं। लिहाजा, उनकी शादी पारंपरिक दक्षिण भारतीय अंदाज में हुई है। वायरल हो रही तस्वीरों में रफ्तार और मनराज विवाह मंडप में बैठे हैं। इस जोड़े ने इस खास मौके पर गोल्डन टच के साथ ऑफ-व्हाइट आउटफिट में ट्विनिंग की है। रफ्तार ने जहां शर्ट और वेष्टी पहनी, वहीं मनराज खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं।
कौन थीं रफ्तार की पहली पत्‍नी कोमल वोहरा
रफ्तार का असली नाम कलाथिलकुझिल देवदासन दिलिन नायर है। वह 16 नवंबर 1988 को केरल के त्रिवेंद्रम (अब तिरुवनंतपुरम) में पैदा हुए हैं। उनके माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। ऐसे में रफ्तार की परवरिश राष्‍ट्रीय राजधानी में ही हुई है। इससे पहले दिसंबर 2016 में रैपर ने टीवी एक्‍टर करण वोहरा और कुणाल वोहरा की बहन कोमल वोहरा से शादी की थी। इसके चार साल बाद 2020 में दोनों ने तलाक की अर्जी दी। कोविड-महामारी के कारण कानूनी कार्यवाही में देरी हुई और आख‍िरकार 6 अक्टूबर 2022 को रफ्तार और कोमल का तलाक हो गया।
संगीत सेरेमनी में खूब नाचे दूल्‍हा-दुल्‍हन
शुक्रवार को शादी से पहले गुरुवार शाम को रफ्तार और मनराज की हल्‍दी और संगीत सेरेमनी हुई। इस समारोह के कुछ वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें रफ्तार और मनराज ‘सपनों में मिलती है’ गाने पर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
कौन है मनराज जवंदा, जिस पर आया रफ्तार का दिल
रफ्तार की पत्‍नी मनराज जवंदा एक कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट है। वह फिटनेस फ्रीक भी हैं। मनराज ने कई फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम किया है। दोनों की पहली मुलाकात एक पार्टी में हुई थी। मनराज और रफ्तार ने ‘काली कार’, ‘घना कसूता’ और ‘श्रृंगार’ जैसे कई म्यूजिक वीडियोज में साथ में काम भी किया है। मनराज कई टीवी विज्ञापन और रियलिटी टेलीविजन शो का भी हिस्सा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button