भूखे रहने के बाद भी वजन क्यों नहीं घटता? जानें वजह

बहुत से लोग वजन घटाने के लिए खाना कम कर देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका वजन कम होने की बजाय बढ़ता रहता है। यह स्थिति कई लोगों के लिए एक रहस्य बन जाती है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। वास्तव में, वजन कम न होने के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें कैलोरी की गलत गणना, कम शारीरिक गतिविधि, शरीर में पानी रुकना और कुछ खास स्वास्थ्य समस्याएं शामिल हैं।
कम खाने के बावजूद वजन बढ़ने के कारण
शरीर का वजन सिर्फ खाने की मात्रा पर निर्भर नहीं करता, बल्कि खाने से ली गई ऊर्जा और खर्च की गई ऊर्जा के संतुलन पर टिका होता है। कई बार व्यक्ति कम मात्रा में खाना खाता है, लेकिन खाना कैलोरी से भरपूर होता है, जैसे तेल, घी, मक्खन, मेवे या मीठे पेय। एनएचएस की रिपोर्ट बताती है कि केवल भोजन ही नहीं, बल्कि कम सक्रिय जीवनशैली, कुछ दवाइयां, आनुवंशिकता और स्वास्थ्य स्थितियां भी वजन बढ़ाने में भूमिका निभाती हैं।
कम खाने पर भी वजन बढ़ने के लिए मुख्य कारणों में से एक यह है कि कई लोग अपनी रोजाना कैलोरी का सही आंकलन नहीं कर पाते। छोटे-छोटे खाद्य पदार्थ, चाय में चीनी, खाना बनाते समय इस्तेमाल तेल, सॉस, स्नैक्स और सप्ताहांत के मेहमानों के भोजन का सही हिसाब-किताब अक्सर नहीं होता। 2022 में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार भोजन का गलत आकलन और पोर्शन साइज का अनुमान गलत होना आम समस्या है।
तनाव, स्वास्थ्य और नींद का प्रभाव
तनाव के कारण शरीर में कॉर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है। क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार यह हार्मोन शरीर को बचाव की स्थिति में डाल देता है, जिससे कैलोरी की खपत कम हो जाती है और वजन बढ़ता है।
इसके साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी कई स्थितियां जैसे हाइपोथायरायडिज्म और पीएमओएस भी वजन बढ़ने का कारण हो सकते हैं। इस अवस्था में हार्मोन का असंतुलन शरीर की कैलोरी जलाने की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे वजन बढ़ना मुश्किल हो जाता है।
नींद की कमी से भी मेटाबॉलिज्म धीमा होता है और कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ता है। स्टेनफोर्ड मेडिसिन के अनुसार पर्याप्त नींद न लेने वाले लोग वजन बढ़ने के शिकार हो सकते हैं।
शरीर में पानी रुकना यानी वाटर रिटेनशन भी वजन में अस्थायी बढ़ोतरी कर सकता है। अधिक नमक वाला भोजन, मासिक धर्म के दौरान हार्मोनल बदलाव, कुछ दवाएं और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा में बदलाव से शरीर में पानी की मात्रा बढ़ सकती है। बेटर हेल्थ के मुताबिक, इस कारण से तराजू पर वजन अचानक बढ़ता दिख सकता है, लेकिन इसका मतलब शरीर में फैट की बढ़ोतरी नहीं होती।
अंत में, जरूरत से ज्यादा भोजन कम करना शरीर को जरूरी पोषण से वंचित कर सकता है, जिससे मांसपेशियों का नुकसान और ऊर्जा खर्च में बदलाव हो सकते हैं। इसलिए वजन घटाने के लिए भूखे रहने की बजाय संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना और विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर विकल्प है।


